स्टॉकहोम. रसायन के क्षेत्र में 2019 का नोबेल पुरस्कार अमेरिका के जॉन वी. गुडइनफ, ब्रिटेन के स्टैनली विटिंघम और जापान के अकीरा योशिनो को दिया जाएगा। तीनों वैज्ञानिकों को लीथियम आयन बैटरी बनाने में अहम भूमिका के लिए पुरस्कार के लिए चुना गया है। 97 साल के गुडइनफ नोबेल पाने वाले सबसे उम्रदराज विजेता होंगे।
नोबेल पुरस्कार से जुड़े तथ्य
- 1901 लेकर 2018 तक रसायन में कुल 110 पुरस्कार दिए गए। इनमें 181 लोगों को यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
- रसायन के लिए 1916, 1917, 1919, 1924, 1933,1940, 1941 और 1942 में इस पुरस्कार की घोषणा नहीं की गई।
- रसायन का नोबेल कुल पांच महिलाओं को दिया गया। मैडम मैरी क्यूरी 1911 में यह पुरस्कार जीतीं थी। उन्होंने 1903 में भौतिकी का भी नोबेल हासिल किया था।
- रसायन के लिए सबसे युवा पुरस्कार विजेता फ्रेडरिक जोलियट (35) थे, उन्होंने 1935 में अपनी पत्नी इरीन जोलियट क्यूरी के साथ यह पुरस्कार जीता था।
- रसायन के लिए सबसे उम्रदराज पुरस्कार विजेता जॉन वी. गुडइनफ बने, इन्हें 2019 के लिए नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया।
- ब्रिटिश वैज्ञानिक फ्रेडरिक सेंगर को रसायन के लिए दो बार (1958 और 1980) नोबेल से सम्मानित किया गया।
कम उम्र में नोबेल विजेता -मलाला
मलाला यूसुफजई ने सबसे कम उम्र में नोबेल पुरस्कार हासिल किया. उन्हें 17 साल की उम्र में 2014 में नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था. पाकिस्तान की रहने वाली मलाला सामाजिक कार्यकर्ता है। मलाला को पाकिस्तान में महिलाओं के लिए शिक्षा को अनिवार्य बनाए जाने की मांग के बाद तालिबान की गोली का शिकार होना पड़ा था। इस बार स्वीडन की जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थन्बर्ग को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। यदि उनके नाम की घोेषणा होती है तो वह सबसे कम उम्र की विजेता होंगी।
सम्मानित हो चुकी हैं 51 महिलाये
1901 से लेकर 2018 तक 51 महिलाएं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। मैडम मैरी क्यूरी को दो बार इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें 1903 में भौतिकी और 1911 में केमिस्ट्री के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार मिला था। इस हिसाब से अब तक 51 महिलाओं को नोबेल पुरस्कार मिला है।
इसलिए मिलता है नोबेल पुरस्कार
नोबेल पुरस्कार के हर विजेता को करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की राशि दी जाती है। इसके साथ 23 कैरेट सोने से बना 200 ग्राम का पदक और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है। पदक के एक ओर नोबेल पुरस्कार के जनक अल्फ्रेड नोबेल की छवि, उनके जन्म तथा मृत्यु की तारीख लिखी होती है। पदक की दूसरी तरफ यूनानी देवी आइसिस का चित्र, रॉयल एकेडमी ऑफ साइंस स्टॉकहोम तथा पुरस्कार पाने वाले व्यक्ति की जानकारी होती है।